‘कुम्भ मेला—2027 लोगो’ डिजाइन के लिए प्रविष्टियाँ आमंत्रित

चयनित लोगो के डिजाइनर को सम्मानित भी करेगा मेला प्रशासन
हरिद्वार। आगामी कुम्भ मेला—2027 की तैयारियों में मेला प्रशासन ने आमजन की भागीदारी बढ़ाने के लिए एक विशेष पहल शुरू की है। इसके तहत कुम्भ मेला—2027 के लिए आधिकारिक प्रतीक चिन्ह (लोगो) डिजाइन तैयार करने के लिए नागरिकों से रचनात्मक प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं।
मेलाधिकारी, सोनिका ने यह जानकारी देते हुए बताया कि कुम्भ मेला भारत की प्राचीन सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। कुम्भ मेला—2027 को दिव्य एवं भव्य रूप से आयोजित करने की तैयारियों के क्रम में आमजन की रचनात्मक भागीदारी के माध्यम से इस आयोजन का लोगो तैयार करने का निर्णय लिया गया है। लोगो ऐसा होना चाहिए जो कुम्भ मेला की धार्मिक आस्था के साथ—साथ सदियों पुरानी इस अद्भुत विरासत की परिकल्पना को आकर्षक एवं प्रभावी रूप में प्रस्तुत कर सके।
उन्होंने बताया कि लोगो कुम्भ मेला—2027 की एक प्रमुख पहचान बनेगा। जिस कारण इसमें नवाचार के साथ आध्यात्मिक, सांस्कृतिक मूल्यों व परंपराओं की स्पष्ट झलक होनी जरूरी है। कोई भी इच्छुक व्यक्ति तैयार किया गया लोगो डिजाइन 15 दिनों के भीतर सॉफ्ट कॉपी अथवा हार्ड कॉपी के रूप में मेला नियंत्रण भवन, निकट हर की पैड़ी, हरिद्वार स्थित उनके कार्यालय में किसी भी कार्यदिवस में उपलब्ध करा सकते हैं। मेलाधिकारी ने बताया कि चयनित लोगो डिजाइन के डिजाइनर को सम्मानित किया जाएगा।




