इनोवा कार भागीरथी नदी में गिरी, अब तक 04 शव बरामद, 01 घायल रेस्क्यू; 02 लापता की तलाश जारी – Jagran Kesari

इनोवा कार भागीरथी नदी में गिरी, अब तक 04 शव बरामद, 01 घायल रेस्क्यू; 02 लापता की तलाश जारी

देहरादून । गुरुवार को उत्तरकाशी में प्रातः गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के समीप डबरानी की ओर एक इनोवा कार संख्या UK08 TA 6040 के अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी में गिरने की सूचना प्राप्त हुई। दुर्घटनाग्रस्त वाहन गंगोत्री की ओर जा रहा था, जिसमें गुजरात निवासी 06 यात्रियों एवं चालक सहित कुल 07 लोग सवार थे।
दुर्घटना की सूचना प्राप्त होते ही अर्पण यदुवंशी, सेनानायक SDRF के निर्देशानुसार SDRF टीमें पोस्ट उजेली व भटवाड़ी से तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचकर SDRF टीमों द्वारा स्थानीय पुलिस, NDRF एवं अन्य आपातकालीन बचाव दलों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान प्रारंभ किया गया।
संयुक्त रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक नदी तट से 04 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 01 गंभीर घायल व्यक्ति को रेस्क्यू कर उपचार हेतु भेजा गया है। घायल को बेहतर उपचार के लिए हेलीकॉप्टर के माध्यम से रेफर किए जाने की कार्यवाही गतिमान है। दुर्घटना में लापता शेष 02 व्यक्तियों की तलाश के लिए नदी में व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
मृतकों का विवरण:
1. पटेल अशोकबेन, उम्र 49 वर्ष, निवासी शिवालिक रेजीडेंसी, कटारगाम, सूरत, गुजरात।
2. रुतिका अशोकभाई पटेल, उम्र 19 वर्ष, निवासी शिवालिक रेजीडेंसी, कटारगाम, सूरत, गुजरात।
3. घनश्यामभाई सरवालिया, उम्र 32 वर्ष, निवासी गुजरात।
4. राहुल अग्रवाल, वाहन चालक, निवासी गोसाईं गली, हरिद्वार।
घायल का विवरण:
1. पटेल वेदांत अशोकभाई, उम्र 17 वर्ष, निवासी शिवालिक रेजीडेंसी, कटारगाम, सूरत, गुजरात।
लापता व्यक्तियों का विवरण:
1. पटेल सुधाबेन अशोकभाई, उम्र 45 वर्ष, निवासी शिवालिक रेजीडेंसी, कटारगाम, सूरत, गुजरात।
2. पटेल किरणबेन विशालभाई, उम्र 34 वर्ष, निवासी सायला, सुरेंद्रनगर, गुजरात।
SDRF की रेस्क्यू टीम द्वारा अन्य बचाव दलों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए लगातार सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए नदी एवं आसपास के संभावित क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है। SDRF की टीमें घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्यों में निरंतर जुटी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *