देहरादून में 14 लाख की डकैती का सीसीटीवी फुटेज आया सामने, गुप्तकाशी से दो और आरोपी गिरफ्तार – Jagran Kesari

देहरादून में 14 लाख की डकैती का सीसीटीवी फुटेज आया सामने, गुप्तकाशी से दो और आरोपी गिरफ्तार

देहरादून: राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में 14 लाख रुपए की दिनदहाड़े हुई डकैती की वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में आरोपी पहले स्कूटी से टक्कर करवाकर विवाद शुरू करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद कार सवार लोगों के साथ मारपीट कर नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो जाते हैं। वहीं, मामले में दून पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही गिरफ्तार आरोपियों की संख्या सात हो गई है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार और फरार आरोपी हिंदू संगठन से जुड़े हैं।
पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर 2026 को राजेश कुमार सोनी अपने साथियों के साथ भूमि के सौदे के सिलसिले में 14 लाख रुपए लेकर जा रहे थे। इसी दौरान पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में इंद्रेश अस्पताल के पास कुछ युवकों ने उन्हें घेरकर मारपीट की और कार की पिछली सीट पर रखा नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
पुलिस ने इससे पहले 9 नवंबर को सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 10 नवंबर को कर्ण यादव और सोहेल अख्तर उर्फ साहिल उर्फ सल्लू को भी गिरफ्तार किया गया। अब पुलिस ने फरार चल रहे सिद्धांत बडोनी और दीपक सिंह शेखावत को रुद्रप्रयाग जिले के गुप्तकाशी से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, सिद्धांत बडोनी के कब्जे से डकैती के 40 हजार रुपए और दीपक सिंह शेखावत से 42 हजार रुपए बरामद किए गए हैं। इस तरह मामले में अब तक गिरफ्तार सात आरोपियों के कब्जे से कुल 3 लाख 2 हजार रुपए की बरामदगी हो चुकी है।
घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही मामले से जुड़े सभी तथ्यों और पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पहले मामले में लूट से संबंधित धारा लगाई गई थी। लेकिन अब आरोपियों की संख्या 5 से ज्यादा होने के कारण डकैती की धाराएं शामिल की गई है।
-शेखर सुयाल, एसपी सिटी, देहरादून-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *