मसूरी में SDRF की एक और नई पोस्ट का शुभारंभ, सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा – Jagran Kesari

मसूरी में SDRF की एक और नई पोस्ट का शुभारंभ, सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

मसूरी। SDRF उत्तराखण्ड की आपदा प्रबंधन एवं त्वरित रेस्क्यू क्षमता को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 19/11/26 को मसूरी में SDRF की एक नई पोस्ट का उद्घाटन सेनानायक अर्पण यदुवंशी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सेनानायक ने पोस्ट पर तैनात जवानों के लिए उपलब्ध आवासीय, मूलभूत एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने जवानों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा संबंधित समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके साथ ही सेनानायक ने आपातकालीन परिस्थितियों में SDRF की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को परखने के उद्देश्य से रेस्क्यू अभियानों के दौरान टीम के रिस्पॉन्स टाइम का भी जायजा लिया। उन्होंने जवानों को निर्देशित किया कि किसी भी आपदा अथवा आपातकालीन सूचना पर न्यूनतम समय में घटनास्थल पर पहुंचकर प्रभावी एवं समन्वित ढंग से राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जाए। सेनानायक ने कहा कि प्रदेश के संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर SDRF की तैनाती का उद्देश्य आपदा के समय त्वरित सहायता उपलब्ध कराना तथा जनसुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाना है। मसूरी में नई पोस्ट की स्थापना से क्षेत्र में आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान SDRF की पहुंच एवं प्रतिक्रिया क्षमता में और सुधार होगा। इस अवसर पर सहायक सेनानायक संजय उप्रेती, शिविरपाल आनंद सिंह रावत, उपनिरीक्षक गब्बर सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *