कोतवाली में 20 लाख मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन – Jagran Kesari

कोतवाली में 20 लाख मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन

रुद्रपुर। किच्छा कोतवाली क्षेत्र में डंपर की चपेट में आने युवक की मौत के मामले में बवाल हो गया और 20 लाख के मुआवजे की मांग को लेकर लोगों ने कोतवाली को घेर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बाहर के थानों से पुलिस बुलानी पड़ी। बुधवार शाम को डंपर की टक्कर से सुभाष कॉलोनी आजादनगर निवासी सुरेश पुत्र दुलाल की मौत हो गयी थी। भागते हुए डंपर चालक और हेल्पर को लोगों ने घेर लिया तो डंपर मालिक के वहां आकर रोब दिखाने पर विवाद हो गया। जिस पर गुस्साई जनता ने मालिक समेत चालक व हेल्पर को पीट दिया। उनको बचाने आये प्रभारी निरीक्षक से भी लोगों की धक्का मुक्की हो गयी। बाद में लोगों ने आजादनगर मार्ग पर जाम लगा दिया। उनके समर्थन में कांग्रेस के नेता भी आ गए थे। बमुश्किल पुलिस ने समझा-बुझा कर लोगों को मुआवजे का भरोसा दिलाया। गुरुवार सुबह डंपर मालिक से मुआवजे को लेकर वार्ता विफल होने के बाद भारी संख्या में गुस्साए लोग कोतवाली की ओर चल दिए। लोगों के आने की सूचना पहले से होने के कारण कोतवाली में कई थानों की फोर्स को बुला लिया गया। पुलिस ने कोतवाली गेट की डबल बेरिकेटिंग कर फोर्स को तैनात कर दिया। कोतवाली पहुंचे सैकड़ों की संख्या में लोगों को पुलिस ने रोक दिया। गेट पर ही लोगों ने नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगो को सीओ ओपी शर्मा, कोतवाल धीरेन्द्र कुमार ने समझाने का प्रयास किया। इस दौरान लोगों की पुलिस से तीखी झड़प हो गयी। समाचार लिखे जाने तक लोग कोतवाली गेट पर मुआवजे की मांग को लेकर अड़े हुए थे। इस दौरान मृतक के परिजनों के अलावा तीमारदार मौजूद थे। सीओ ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *