एकनाथ शिंदे सरकार से खुश हुए अरविंद केजरीवाल से नाराज चल रहे अन्ना हजारे

सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने महाराष्ट्र में लागू हो रहे लोकपाल कानून की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि केंद्र के लोकपाल कानून की तर्ज पर महाराष्ट्र में प्रस्तावित लोकायुक्त अधिनियम भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में क्रांतिकारी साबित होगा। हजारे लंबे समय से राज्य सरकार से लोकायुक्त कानून लाने की मांग कर रहे थे। अब मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री फडणवीस की ओर से मसौदे को स्वीकार करने पर उन्होंने बधाई और धन्यवाद दिया है।
अन्ना हजारे ने कहा कि उन्होंने लोकायुक्त अधिनियम की मांग को लेकर कई आंदोलन और अनिश्चितकालीन भूख हड़तालें की हैं। उन्होंने कहा, ‘2018 में मैं दिल्ली के रामलीला मैदान में भूख हड़ताल पर बैठा। तत्कालीन सीएम फडणवीस ने राज्य में लोकायुक्त अधिनियम लागू करने का वादा किया था, लेकिन तब यह पूरा नहीं हुआ। मैंने उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली सरकार से भी इस कानून को लाने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने भी कुछ नहीं किया।’




