उत्तराखंडवायरल न्यूज़

देहरादून में छात्र की हत्या के बाद सख्त हुए एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल

थाना और चौकी प्रभारियों की ली बैठक, छात्रों-शिक्षण संस्थान को लेकर सख्त निर्देश
देहरादून । प्रेमनगर में छात्रों में गैंगवार और एक छात्र की हत्या के बाद एसएसपी सख्त हो गए हैं। जिसके तहत अब शिक्षण संस्थानों में गुटबाजी करने वाले छात्र चिह्नित किए जाएंगे। छात्र गुटों के बीच हुए झगड़े और मारपीट पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर संबंधित शिक्षण संस्थान की जवाबदेही भी तय की जाएगी। यह निर्देश देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों के साथ बैठक कर दिए हैं।
इतना ही नहीं अब रात में अनावश्यक रूप से घूमने वाले छात्रों और संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाकर उनके खिलाफ कार्रवाई करने को भी कहा गया है। शिक्षण संस्थान, हॉस्टल और पीजी में छात्रों के बीच हुए विवाद की जानकारी छिपाने पर संबंधित संस्थान या प्रतिष्ठानों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रेमनगर इलाके में 2 दिन पहले बीटेक छात्र की हुई हत्या
बीती 23 मार्च की रात कॉलेज में आपसी वर्चस्व को लेकर चल रही पुरानी रंजिश के चलते प्रेमगनर के केहरी गांव में बीटेक के छात्रों के दो गुटों में मारपीट हो गई थी। जिसमें यूपी निवासी दिव्यांशु जाटराना (उम्र 22 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।
इस मामले में प्रेमनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 छात्रों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए छात्र प्रेमनगर स्थित निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ाई करते हैं। जबकि, मामले में 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया है। वहीं, छात्रों के बीच दो पक्षों में हुए विवाद में एक छात्र की मौत के बाद एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने जिले के सभी सीओ और थाना प्रभारियों के साथ बैठक की।
वहीं, बैठक के दौरान एसएसपी डोबाल ने सभी थाना प्रभारियों से उनके थाना क्षेत्रों में स्थित शिक्षण संस्थानों, हॉस्टल, पीजी के संबंध में जानकारी ली। साथ ही सख्त निर्देशि दिए कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित सभी शिक्षण संस्थानों में जाकर ऐसे सभी छात्रों को जो गुटबाजी करते हुए माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हों या किसी संदिग्ध/आपराधिक गतिविधि में लिप्त हों, उन्हें चिह्नित करें।

बदमाश छात्रों के निष्कासन की कार्रवाई करें शिक्षण संस्थान
उन्होंने कहा कि उन्हें चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करें। साथ ही संबंधित शिक्षण संस्थान को रिपोर्ट भेंजे और ऐसे छात्रों के निष्कासन की कार्रवाई करें। इसके अलावा उन्होंने कहा कि छात्रों के बीच हुए किसी भी विवाद की सूचना मिलने पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर उनके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में दिन और रात में नियमित रूप से स्थान बदल-बदलकर सघन चेकिंग अभियान चलाएंगे। ड्रंक एंड ड्राइव, रैश ड्राइविंग, ओवर स्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। साथ ही रात में अनावश्यक रूप से घूमने वाले छात्रों/संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाकर नियमानुसार उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

सभी थाना प्रभारी को सख्त निर्देश
वहीं, एसएसपी डोबाल ने निर्देश दिया है कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित शिक्षण संस्थानों, हॉस्टलों और पीजी संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें स्पष्ट हिदायत देंगे कि उनके संस्थान और प्रतिष्ठान में पढ़ने/रहने वाले छात्रों के बीच गुटबाजी या किसी भी विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
यदि किसी शिक्षण संस्थान, हॉस्टल और पीजी में छात्रों के बीच हुए ऐसे किसी विवाद जिसकी सूचना उनकी ओर से पुलिस को नहीं दी गई हो, जिसके चलते भविष्य में कोई अप्रिय घटना घटित होती है तो संबंधित शिक्षण संस्थान या प्रतिष्ठान प्रबंधन की जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही उनके खिलाफ भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि यदि किसी होटल, रेस्टोरेंट और ढाबे आदि में छात्रों के बीच विवाद की कोई घटना सामने आती है तो संबंधित होटल, रेस्टोरेंट या ढाबा संचालक की भूमिका की भी जांच की जाएगी। ऐसे स्थानों पर इस प्रकार के विवादों की पुनरावृति होने पर संबंधित होटल और रेस्टोरेंट संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा किसी थाना क्षेत्र में इस प्रकार की घटना घटित होती है, उसमें पुलिस की शिथिलता/लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित थाना प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button