विधायक के आश्वासन पर आठवें दिन समाप्त हुआ धरना, मांगें पूरी नहीं होने पर पुनः आंदोलन की चेतावनी – Jagran Kesari

विधायक के आश्वासन पर आठवें दिन समाप्त हुआ धरना, मांगें पूरी नहीं होने पर पुनः आंदोलन की चेतावनी

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
चमोली जनपद के विकासखंड नारायणबगड़ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं को सुधारने की मांग को लेकर बीते आठ दिनों से चल रहा धरना आज थराली विधायक भूपाल राम टम्टा के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया।प्रदर्शनकारियों ने विधायक को मांग पत्र सौंपते हुए चिकित्सकों की नियुक्ति, आवश्यक चिकित्सा उपकरणों और स्वास्थ्य केंद्र को उच्चीकृत कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने की मांग उठाई। विधायक की ओर से मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
नारायणबगड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली को लेकर क्षेत्र पंचायत सदस्य नीरज नेगी और विपिन परिहार के नेतृत्व में चल रहा धरना आठवें दिन समाप्त हो गया। आंदोलनकारियों ने थराली विधायक भूपाल राम टम्टा को मांग पत्र सौंपकर क्षेत्र की स्वास्थ्य समस्याओं से अवगत कराया।प्रदर्शनकारियों के अनुसार, विधायक ने दो दिनों के भीतर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक की नियुक्ति कराने, छः बेड, प्रसूति टेबल, एक्स-रे मशीन और एक्स-रे टैक्नीशियन की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र को उच्चीकृत कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने के लिए मुख्यमंत्री से पत्राचार कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही गई।
इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य नीरज नेगी और विपिन परिहार ने चेतावनी दी कि यदि तय समय में मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो क्षेत्रवासी दोबारा धरना-प्रदर्शन और आमरण अनशन शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर पूरे विकासखंड नारायणबगड़ के लोग सामूहिक रूप से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के बहिष्कार का निर्णय भी ले सकते हैं। धरना समाप्ति के अवसर पर ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला, जिला पंचायत सदस्य प्रदीप बुटोला, जिला पंचायत सदस्य सुरी कनेरी,मोनू सती, जयदीप सिंह, कमलेश सती, समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। फिलहाल विधायक के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त हो गया है। अब क्षेत्रवासियों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर किए गए वादे धरातल पर कब तक उतरते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *